12 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट: 7–8 अप्रैल को बदलेगा मौसम, तापमान गिरेगा

नई दिल्ली। अप्रैल की शुरुआत से ही देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और कहीं आंधी-बारिश तो कहीं तेज गर्मी देखने को मिल रही है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत समेत 12 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिनका असर खासतौर पर 7 और 8 अप्रैल को देखने को मिलेगा। इसके चलते कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

IMD के मुताबिक, 6 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जबकि 7 और 8 अप्रैल को तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद 9 से 11 अप्रैल के बीच तापमान में फिर से 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले सात दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रह सकता है।

बारिश की बात करें तो कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में 9 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 से 9 अप्रैल के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बिहार और झारखंड में 6 से 8 अप्रैल के बीच बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 6 अप्रैल को गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बर्फबारी की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश में 6 से 8 अप्रैल तक कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

अगर दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां 6 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में मौसम तेजी से करवट लेगा, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com