बोल बम के जयघोष से गूंजा वनांचल: भावना बोहरा के नेतृत्व में 500 कांवड़ियों ने पंडरिया विधानसभा में किया प्रवेश, दुर्गम जंगल-पथरीले रास्ते पार कर बढ़े आगे

कवर्धा, 12 अगस्त 2026। माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा के तीसरे दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में करीब 500 कांवड़ यात्री वन ग्राम महामाई (खुड़िया) से गौरकांपा तक पहुंचे। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वनांचल भक्तिमय हो उठा।
यात्रा के दौरान कांवड़ियों को घने जंगलों, पथरीली पगडंडियों और नदी के तेज प्रवाह जैसी कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर नदी का पानी कमर तक था, बावजूद इसके श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। आस्था और संकल्प के साथ सभी कांवड़ यात्री लगातार आगे बढ़ते रहे और तीसरे दिन पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा केवल 151 किलोमीटर की पदयात्रा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और सर्वमंगल की कामना के लिए लिया गया संकल्प है। उन्होंने कहा कि दुर्गम जंगलों, पथरीली राहों और नदी के प्रवाह के बीच भी भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा और मजबूत संकल्प ने हर कठिनाई को आसान बना दिया।
उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा का पवित्र जल कांवड़ में लेकर और बाबा भोलेनाथ का नाम हृदय में धारण कर आगे बढ़ना एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव है। कठिन रास्ते शरीर की परीक्षा ले रहे हैं, लेकिन हर कदम के साथ कांवड़ यात्रियों की आस्था और हौसला मजबूत हो रहा है।
भावना बोहरा ने कहा कि ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष केवल आस्था की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए सामूहिक प्रार्थना है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी कांवड़ यात्रियों, क्षेत्रवासियों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि लोगों की सहभागिता ने इस यात्रा को जन-जन की आस्था, सेवा और संकल्प का उत्सव बना दिया है।
कांवड़ यात्रा का अंतिम पड़ाव भोरमदेव होगा, जहां माँ नर्मदा के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली के संकल्प के पूर्ण होने की कामना की जाएगी।











