Awarapan 2 Box Office: इमरान हाशमी की फिल्म मचाएगी सुनामी, पहले दिन 21 करोड़ तक कमाई का अनुमान

मुंबई, 12 अगस्त 2026। इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। एडवांस बुकिंग के आंकड़ों ने भी फिल्म की मजबूत ओपनिंग के संकेत दिए हैं।
पहले दिन 16 से 21 करोड़ तक कमाई का अनुमान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ पहले दिन करीब 16 से 21 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर सकती है। अगर फिल्म इस रेंज में ओपनिंग करती है तो यह इमरान हाशमी के करियर की सबसे बड़ी सोलो ओपनिंग बन सकती है।
इस कलेक्शन के साथ इमरान अपनी पिछली 15 फिल्मों की ओपनिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ सकते हैं। इनमें हक, ग्राउंड जीरो, सेल्फी, राज रीबूट, अजहर, हमारी अधूरी कहानी, मर्डर 2, राज 3, जन्नत 2, शंघाई, द डर्टी पिक्चर, दिल तो बच्चा है जी, राज, जन्नत और पहली आवारापन शामिल हैं।
एडवांस बुकिंग में भी जबरदस्त रिस्पॉन्स
फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। शाम 5 बजे तक 50 हजार से ज्यादा टिकट बिकने की जानकारी सामने आई है। फिल्म ने एडवांस बुकिंग से करीब 1.71 करोड़ रुपए कमा लिए हैं, जबकि ब्लॉक सीटों को जोड़ने पर आंकड़ा 3.13 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।
महाराष्ट्र में फिल्म की एडवांस बुकिंग से करीब 70.86 लाख रुपए, जबकि दिल्ली में 67.36 लाख रुपए की कमाई बताई गई है।
ट्रेड एक्सपर्ट ने भी जताई अच्छी ओपनिंग की उम्मीद
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने फिल्म की एडवांस बुकिंग के ट्रेंड को सकारात्मक बताया है। उनके मुताबिक फिल्म की टिकट बिक्री अच्छी चल रही है। वहीं ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार फिल्म करीब 12 करोड़ रुपए की ओपनिंग भी कर सकती है।
इमरान के साथ नजर आएंगे ये सितारे
‘आवारापन 2’ का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। फिल्म में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का म्यूजिक मिथुन, अरमान मलिक, जीत गांगुली, अखिल सचदेव और राजू सिंह ने तैयार किया है।
विशेष भट्ट फिल्म के प्रोड्यूसर हैं, जबकि मुकेश भट्ट इसे प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का मुकाबला सिनेमाघरों में ‘बंटवारा 1947’ से होगा। अब देखना होगा कि 14 अगस्त को रिलीज के बाद ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।











