छत्तीसगढ़ में गर्मी का सितम शुरू : लगातार बढ़ रहा तापमान, 15 अप्रैल से लू का खतरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी अब तेजी से असर दिखाने लगी है। राजधानी रायपुर सहित कई शहरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है।

रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास रहा, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।

प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और पिछले 24 घंटों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। दूसरी ओर अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे कम दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। 15 अप्रैल से प्रदेश के मध्य हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई गई है।

अगर बात करें रायपुर के आज के मौसम की, तो आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, अधिक पानी पिएं और गर्मी से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com