तमिलनाडु में ‘विजय’ युग की शुरुआत: पीएम मोदी ने सीएम विजय को बधाई, कहा- ‘तरक्की के लिए मिलकर काम करेंगे 

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग का उदय हुआ है। ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) के प्रमुख और अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय ने आज सुबह 10 बजे राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ पार्टी के नौ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ लेकर अपनी नई पारी की शुरुआत की। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय को बधाई देते हुए तमिलनाडु की प्रगति के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय और मिलकर काम करने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए राज्य सरकार के साथ निरंतर सहयोग करती रहेगी।

विजय की इस सफलता पर पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने उम्मीद जताई कि, विजय के नेतृत्व में नई सरकार पारदर्शी और प्रगतिशील शासन सुनिश्चित करेगी, जो राज्य को समृद्धि की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस शपथ ग्रहण की गूँज सुनाई दी। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने विजय को बधाई संदेश भेजते हुए दोनों क्षेत्रों के गहरे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को याद किया।

उन्होंने भविष्य में भारत-श्रीलंका की मजबूत साझेदारी के तहत तमिलनाडु के साथ आर्थिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने की इच्छा व्यक्त की। विजय का मुख्यमंत्री बनना न केवल दक्षिण भारत बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। प्रशंसकों और समर्थकों के बीच भारी उत्साह के बीच शुरू हुई यह नई सरकार अब जनता की उम्मीदों की कसौटी पर होगी।

The post तमिलनाडु में ‘विजय’ युग की शुरुआत: पीएम मोदी ने सीएम विजय को बधाई, कहा- ‘तरक्की के लिए मिलकर काम करेंगे  first appeared on Apan Dera News.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com