भिलाई में सूने मकान पर चोरों का धावा, लाखों के गहने और नगदी पार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला भिलाई के राधिका नगर से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के गहनों समेत करीब एक लाख रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। घटना सुपेला थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, राधिका नगर निवासी त्रिलोक सिंह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। सुबह जब पूरा परिवार वापस घर पहुंचा, तो मकान का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर घुसते ही परिवार के होश उड़ गए, क्योंकि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे गहने व नगदी गायब थे।

देर रात वारदात को अंजाम देकर फरार हुए चोर

बताया जा रहा है कि चोरों ने देर रात सूने मकान का फायदा उठाया और ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने पूरे घर को खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवर और करीब एक लाख रुपये नगद चोरी कर लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, वहीं इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई

है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com