मुंगेली को 353 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात: सीएम साय बोले- सभी जिलों तक पहुंचेगी रेल सुविधा

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में आयोजित सुशासन तिहार 2026 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले को 353 करोड़ 58 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और आने वाले समय में सभी जिलों तक रेल सुविधा पहुंचाई जाएगी।
रेल परियोजनाओं और विकास कार्यों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे बजट में कई गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 47 हजार करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं पर काम जारी है और 32 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुंगेली सहित सभी जिलों तक रेल लाइन पहुंचाने की दिशा में सरकार काम कर रही है, हालांकि इसके लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 152 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाले 284 कार्यों का लोकार्पण और 201 करोड़ रुपए से अधिक के 130 कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य केंद्र, छात्रावास, सामुदायिक भवन, पुल निर्माण और तालाब सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
शिक्षा और जनसमस्याओं पर भी हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने जिले के दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।
नजुल भूमि पर पट्टा वितरण के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पात्र लोगों को पट्टा देने की दिशा में काम कर रही है और जनता की मांगों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण, कई घोषणाएं
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों और संतों की प्रतिमाओं का अनावरण और माल्यार्पण किया। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर, बाबा गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा को नमन करते हुए कहा कि उनके आदर्श समाज को नई दिशा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा पोस्ट मैट्रिक छात्रावास भवन, सीसी रोड निर्माण और अन्य विकास कार्यों के लिए भी राशि देने का ऐलान किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।











