रामसागर तालाब में डूबे राजमिस्त्री का शव 24 घंटे बाद बरामद, नहावन के दौरान हुआ था हादसा

कुरूद (धमतरी)। कुरूद के ऐतिहासिक रामसागर तालाब में डूबे युवक का शव करीब 24 घंटे बाद रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान ग्राम उमरदा निवासी संतोष कंवर (40) के रूप में हुई है, जो एक पारिवारिक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने कुरूद आया था। घटना के बाद से पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय युवाओं द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।

नहावन के दौरान गहरे पानी में चला गया संतोष

जानकारी के अनुसार, संतोष कंवर शनिवार दोपहर दशगात्र कार्यक्रम के नहावन संस्कार में शामिल होने रामसागर तालाब पहुंचा था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

स्थानीय युवाओं ने शुरू की खोजबीन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवाओं ने अपने स्तर पर तालाब में खोजबीन शुरू कर दी। बाद में पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद धमतरी से अनुभवी गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

रातभर चला सर्च ऑपरेशन

शनिवार देर रात तक गोताखोरों और पुलिस की टीम ने तालाब में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। अंधेरा होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन टीम ने खोज जारी रखी।

सुबह जुटी भारी भीड़, शव मिलने का इंतजार

रविवार सुबह होते ही रामसागर तालाब के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भीड़ शव मिलने की उम्मीद में तालाब किनारे मौजूद रही। पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना रहा।

गोताखोरों ने सवा सात बजे बरामद किया शव

कुरूद थाना प्रभारी अवध राम साहू की निगरानी में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। रविवार सुबह करीब 7:15 बजे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद संतोष कंवर का शव तालाब से बाहर निकाल लिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com