नई Renault Duster का माइलेज आया सामने, एक लीटर में चलेगी 19.41 किमी

रेनॉ इंडिया ने अपनी आने वाली SUV Renault Duster Turbo TCe 100 के माइलेज से जुड़ी अहम जानकारी शेयर की है. यह कुछ महीने पहले लॉन्च हुई रेनॉ डस्टर का नया वेरिएंट होगा. कंपनी के मुताबिक, इस नई SUV को ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) से प्रमाणित 19.41 किलोमीटर प्रति लीटर (kmpl) का माइलेज मिला है.
यह आंकड़ा वाहन के लॉन्च से पहले किए गए के दौरान सामने आया है. कंपनी का कहना है कि नई डस्टर को भारतीय ग्राहकों की जरूरतों और सड़कों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है.
नए प्लेटफॉर्म पर तैयार हुई SUV
नई Renault Duster को कंपनी के बिल्कुल नए RGMP प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है. यह नया प्लेटफॉर्म वाहन को बेहतर मजबूती, सुरक्षा और ड्राइविंग अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है. कंपनी का दावा है कि इस प्लेटफॉर्म की मदद से वाहन का प्रदर्शन बेहतर होगा और ईंधन की खपत भी कम होगी.
मिलेगा टर्बो पेट्रोल इंजन
नई Duster में खास तौर पर तैयार किया गया टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन नए प्लेटफॉर्म के साथ बेहतर तालमेल के लिए विकसित किया गया है. यह इंजन अधिकतम 100 PS की पावर और 160 Nm का टॉर्क जनरेट कर सकती है. इंजन 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ आता है. कंपनी का कहना है कि यह इंजन शहर और हाईवे दोनों जगह बेहतर प्रदर्शन देने में सक्षम होगा.
भारतीय बाजार पर रेनॉ का फोकस
रेनॉ के इंजीनियरिंग प्रमुख डॉ वी विक्रमन के अनुसार, नई डस्टर के विकास में ईंधन दक्षता और इंजन की कार्यक्षमता पर विशेष ध्यान दिया गया है. उन्होंने कहा कि कंपनी ने वाहन की स्ट्रक्चर को हल्का और इंजन को अधिक एफिशिएंट बनाने के लिए कई तकनीकी सुधार किए हैं. इससे बेहतर माइलेज और संतुलित प्रदर्शन हासिल करने में मदद मिली है.











