कांकेर में भालू का खूनी हमला, भाई-बहन समेत तीन की मौत, एक गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मादा भालू के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पहली घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे भाई-बहन पर भालू ने हमला कर दिया। हमले के बाद भालू शवों के पास काफी देर तक मौजूद रहा। दूसरी घटना गवरसिल्ली गांव में हुई, जहां एक महिला की भी भालू के हमले में जान चली गई। घायल ग्रामीण को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

भालू के बच्चे की मौत के बाद बढ़ा आक्रोश

ग्रामीणों के अनुसार, एक दिन पहले मादा भालू के शावक की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह बेहद आक्रामक हो गई। वन विभाग का कहना है कि शावक की प्राकृतिक मृत्यु हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई, जिसने भालू को बेहोश कर पिंजरे में कैद कर लिया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने भालू को पीट दिया और उसे गांव से हटाने की मांग की।

वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भालू की मौजूदगी की जानकारी पहले ही वन विभाग को दे दी गई थी, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाते तो इस हादसे को रोका जा सकता था।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान भालू ने विभाग की टीम की गाड़ी पर भी हमला किया। घटना के बाद लोगों से जंगल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com