छत्तीसगढ़ में तीन दिन तक बारिश का दौर जारी, उत्तर के जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 8 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों और इसकी तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत दिए गए हैं। फिलहाल राज्य में मानसून सामान्य स्थिति में बना हुआ है और 1 जून से अब तक सामान्य से 7 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 8 अगस्त के बाद बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों में कमी आने लगेगी।
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मानसून सामान्य, किसानों के लिए राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 5 अगस्त तक प्रदेश में औसतन 589.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 634.9 मिमी मानी जाती है। इस तरह अब तक राज्य में सामान्य से 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है, लेकिन इसे अब भी सामान्य श्रेणी में रखा गया है।
विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में अभी भी सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि कुछ इलाकों में अपेक्षा से अधिक वर्षा के कारण जलभराव और नदी-नालों के उफान जैसी स्थिति बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित हो सकती है। यदि कम वर्षा वाले जिलों में अच्छी बारिश होती है तो प्रदेश में मानसून का संतुलन और बेहतर हो जाएगा।











