भविष्य की लड़ाई है और मैं आपके साथ हूं… देशव्यापी आंदोलन लेकर राहुल गांधी का छात्रों को संदेश

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 17 जून को राजस्थान के कोटा स्थित दशहरा मैदान में एक महारैली करने वाले हैं. इस रैली को शिक्षा बचाओ- भविष्य बचाओं का नाम दिया गया है. जिसे लेकर कांग्रेस ने बड़ी तैयारी की है. बताया जा रहा है कि देश की ‘कोचिंग राजधानी’ कोटा से इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत इसलिए की गई ताकि सीधे तौर पर उन छात्रों और परिवारों की पीड़ा को समझा जा सके, जो डॉक्टर या इंजीनियर बनने के लिए संघर्ष करते है.
इस देशव्यापी छात्र आंदोलन को लेकर राहुल गांधी ने छात्रों से अपील की है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर छात्रों को इस महारैली से जुड़ने की अपील की है. राहुल ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘देश के हर युवा से मेरी एक बात – आज इस देश में मेहनत का फल नहीं, सपने देखने की सजा मिलती है. हर पेपर लीक, हर रद्द परीक्षा, हर अधूरी भर्ती – सिर्फ सिस्टम की विफलता नहीं, लाखों सपनों पर प्रहार है.’
ऐसी हुंकार बनें जिसे अनसुना करना नामुमकिन हो
राहुल ने पोस्ट में आगे कहा, ‘मैं जानता हूं आप थक चुके हैं. गुस्से में हैं. पर याद रखिए – जब सरकार सुनने को तैयार न हो, तब आवाज ऊंची करनी पड़ती है. इसलिए मैं आप सबको बुला रहा हूं – 17 जून, कोटा. छात्रों की गूंज. आइए, मिलकर एक ऐसी हुंकार बनें जिसे अनसुना करना नामुमकिन हो. कोटा से शुरुआत – फिर देश के हर कोने तक. ये आपके भविष्य की लड़ाई है और मैं आपके साथ हूं.’
कोटा के बाद कहां-कहां है कांग्रेस की महारैली
राहुल गांधी की ये महारैली छात्र आंदोलन का पहला पड़ाव है. इसके बाद राहुल 10 जुलाई को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में इसी तरह की रैली को संबोधित करेंगे. इसके बाद 11 जुलाई को राहुल बिहार की राजधानी पटना में महारैली में शामिल होंगे. अंत में 14 जुलाई को देश की राजधानी दिल्ली में छात्र आंदोलन को संबोधित करेंगे. कांग्रेस इन चारों महारैलियों को लेकर बड़े स्तर पर तैयार की है. कांग्रेस की छात्र इकाई इस आंदोलन में बड़ी भूमिका निभा रही है. कोटा से लेकर दिल्ली तक छात्र इकाई के साथ लोकल कांग्रेस कमेटी भी छात्रों से संपर्क कर रही है











