कोरबा में शराब दुकान के विरोध पर सियासत तेज, पूर्व मंत्री ने आबकारी अधिकारी को फोन पर दी चेतावनी

कोरबा जिले के ग्राम बरबसपुर में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर विरोध लगातार तेज हो गया है। ग्रामीणों और महिलाओं के धरना-प्रदर्शन के बीच पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी आंदोलन में शामिल हुए और आबकारी विभाग के अधिकारी से फोन पर बातचीत के दौरान कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने गांव में शराब दुकान नहीं खुलने देने की चेतावनी दी। बातचीत का वीडियो भी सामने आया है। वहीं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल शराब दुकान खोलने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है और विभागीय टीम केवल संभावित स्थल का निरीक्षण करने पहुंची थी।

ग्रामीणों के विरोध में उतरे पूर्व मंत्री

जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम प्रस्तावित शराब दुकान के लिए स्थल निरीक्षण करने गांव पहुंची थी। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौके पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे, जिसके बाद टीम को वापस लौटना पड़ा।

दो दिन बाद पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल धरना स्थल पहुंचे और ग्रामीणों के समर्थन में मंच से कहा कि बरबसपुर में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। उन्होंने आंदोलन को आगे बढ़ाने की भी बात कही। धरने के दौरान उन्होंने आबकारी अधिकारी से फोन पर बात करते हुए ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान करने और प्रस्तावित दुकान नहीं खोलने की मांग की।

सरकार का पक्ष और बढ़ता राजनीतिक विवाद

आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि विभाग ने अभी तक नई शराब दुकान खोलने का कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है। उनके अनुसार, अधिकारी केवल संभावित स्थान का निरीक्षण करने पहुंचे थे और इसे दुकान खोलने की स्वीकृति नहीं माना जाना चाहिए।

इस बीच पूर्व मंत्री ने राज्य सरकार और आबकारी विभाग पर अवैध शराब और अधिक कीमत पर बिक्री को लेकर भी आरोप लगाए। वहीं विरोध प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे गांव में शराब दुकान का संचालन नहीं होने देंगे। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com