दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: ट्रक का टायर फटते ही ट्रैवलर ने मारी टक्कर, 18 लोग घायल

दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बडोदामेव के पास सुबह करीब 6:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैवलर में सवार 18 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 8 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं।
ये सभी लोग हरिद्वार से दर्शन कर जयपुर लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायलों को अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा: टायर फटते ही बेकाबू हुआ ट्रक
चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, हादसा बडोदामेव क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर हुआ। आगे चल रहे एक ट्रक का अचानक चलते-चलते टायर फट गया। टायर फटते ही ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक हाईवे पर ही लहराने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैवलर को संभलने का मौका नहीं मिला और वह सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल
टक्कर होते ही हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री अंदर ही फंस गए। सुबह का वक्त होने के कारण आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची।
अलवर जिला अस्पताल रेफर
पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी 18 घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।











