प्रशिक्षु डीएसपी के पदभार संभालते ही पुलिस का सख्त एक्शन, गुंडे-बदमाशों के ठिकानों पर दबिश

बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी ने पदभार संभालने के दूसरे ही दिन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने सूचीबद्ध गुंडे-बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी, संदिग्धों की जांच की और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी निकाला। कार्रवाई के दौरान कई असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी गई, जबकि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के तहत क्षेत्र में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान सूचीबद्ध बदमाश समीर उर्फ बकरा मुंडी और राजू साहू उर्फ चिल्लर के ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी ली गई। पुलिस ने दोनों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त चेतावनी दी।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा पुलिस ने चुचुहियापारा और गणेश नगर इलाके में फ्लैग मार्च निकालकर संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का सत्यापन किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की और अवैध गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी।
इसी अभियान के दौरान मारपीट के एक मामले में फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।











