ट्रेलर ने पुलिस की बोलरो को टक्कर मारी,तीन पुलिसकर्मी घायल:दोनों वाहन 20 फीट गहरी खाई में पलटे, ड्राइवर को झपकी आने से हादसा

दौसा के लालसोट में बड़का पाड़ा और लाखनपुर गांव के बीच तेज रफ्तार ट्रेलर ने पुलिस की बोलेरो को टक्कर मार दी। हादसे में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस की दूसरी टीम ने घायलों को एंबुलेंस से लालसोट जिला अस्पताल पहुंचाया। दो घायलों को यहां से जयपुर रेफर किया गया है। घायल पुलिसकर्मियों के सिर में चोट आई है।
हादसा दौसा कोथून नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात करीब 3 बजे हुआ। हाईवे पर झांपदा थाने की पुलिस रात्रि गश्त पर थी।
पीछे से आए ट्रेलर ने टक्कर मारी
आरपीएस कैलाश मीणा ने बताया- रात करीब 3 बजे झांपदा थाने की पुलिस बड़का पाड़ा और लाखनपुर के बीच रात्रि गश्त पर थी, इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बोलेरो को टक्कर मार दी। ट्रेलर तेज गति में था और ड्राइवर को झपकी आने से अनियंत्रित हो गया।
ट्रेलर और बोलेरो खाई में पलटे
टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाहन और ट्रेलर दोनों सड़क से करीब 20 फीट नीचे खाई में पलट गए। हादसे में घायल हुए तीन पुलिसकर्मियों को लालसोट जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में से हेड कांस्टेबल लखन और संजय को बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया है। बोलेरो के ड्राइवर बाबूलाल का लालसोट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को खाई से बाहर निकलवाकर थाने में खड़ा करवा दिया है। ट्रेलर के ड्राइवर और परिचालक को भी मामूली चोट आई है, जिनका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।











