फ्रूटी के कार्टन में छिपाकर लाई जा रही थी शराब, ट्रक खुलते ही मच गई लूट; Video वायरल

बिहार में शराबबंदी के बीच सीतामढ़ी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बोखड़ा थाना क्षेत्र के बुद्धनगरा गांव के पास एक पुल पर घंटों से खड़े एक संदिग्ध ट्रक को देखकर गांव वालों की उसके अंदर रखी चीज को देखने की इच्छा बढ़ गई. जब लोगों ने ट्रक की जांच की तो उसमें फ्रूटी के कार्टन के बीच भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई थी. ट्रक में शराब होने की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई

देखते ही देखते गांव वाले फ्रूटी और शराब के कार्टन लेकर जाने लगे. बताया जा रहा है कि प्रशासन के पहुंचने से पहले ही कई लोग शराब के कार्टन लेकर निकल गए. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग ट्रक से सामान निकालते नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो ने जिले में शराब तस्करी और शराबबंदी की प्रभावशीलता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

ऐसे हुआ शराब तस्करी का खुलासा

जानकारी के अनुसार, तस्कर फ्रूटी की आड़ में शराब की बड़ी खेप उतारने की तैयारी में थे. इसी दौरान ट्रक बुद्धनगरा गांव के समीप पुल पर काफी देर तक खड़ा रहा. चालक और अन्य लोगों के नहीं मिलने पर गांव वालों ने ट्रक की पड़ताल की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. सूचना मिलने पर बोखड़ा थानाध्यक्ष ललन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शराब से लदे ट्रक को जब्त कर नानपुर थाना ले जाया गया.

2000 लीटर शराब जब्त

पुलिस ने ट्रक से करीब 2000 लीटर से अधिक शराब बरामद की है. फिलहाल पुलिस शराब की गिनती, जब्ती सूची और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है. साथ ही शराब तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. यह घटना एक बार फिर जिले में सक्रिय शराब तस्करों के नेटवर्क और उनके बढ़ते हौसलों की ओर इशारा कर रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com