सोशल मीडिया पर शिकार का वीडियो बना सबूत, 7 आरोपी जेल पहुंचे

सुकमा। सुकमा में वन्यजीवों के अवैध शिकार का बड़ा खुलासा हुआ है। इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों पर विशाल भारतीय गिलहरी और बंदर के शिकार का आरोप है। पूछताछ में वन्यजीवों का मांस खाने की बात भी सामने आई है। शिकार में इस्तेमाल हथियार और वीडियो बनाने वाला मोबाइल जब्त किया गया।
फोरेंसिक और साइबर जांच के लिए नमूने भेजे गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। दोष सिद्ध होने पर तीन से सात वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। वन विभाग ने लोगों से अवैध शिकार की सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों के खिलाफ अपराध पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











