एनटीए की चूक से छात्र को मिला विदेश का परीक्षा केंद्र, शिकायत के बाद नागपुर में बदला गया सेंटर

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की एक बड़ी तकनीकी गलती उस समय सामने आई जब नीट यूजी री-एग्जाम के लिए नागपुर के एक अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र के रूप में अबू धाबी आवंटित कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई। एनटीए ने गलती स्वीकार करते हुए परीक्षा केंद्र को बदलकर नागपुर कर दिया है।
तकनीकी गलती से अबू धाबी पहुंचा परीक्षा केंद्र
जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थी ने आवेदन के दौरान नागपुर और वर्धा को अपनी प्राथमिकता के तौर पर चुना था। इसके बावजूद 21 जून को होने वाली री-एग्जाम परीक्षा के लिए उसे अबू धाबी का केंद्र आवंटित कर दिया गया। परीक्षा में महज एक दिन शेष होने के कारण विदेश जाकर परीक्षा देना संभव नहीं था, जिससे परिवार काफी परेशान हो गया।
शिकायत के बाद हरकत में आया एनटीए
मामले की जानकारी मिलने के बाद अभिभावकों ने एनटीए हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के दौरान एजेंसी ने तकनीकी त्रुटि स्वीकार की और जल्द सुधार का आश्वासन दिया। इसके बाद अभ्यर्थी का परीक्षा केंद्र बदलकर नागपुर कर दिया गया, जिससे परिवार को राहत मिली।
री-एग्जाम के लिए व्हाट्सएप पर भी मिलेगी जानकारी
एनटीए ने बताया है कि री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल के माध्यम से भी भेजी जाएंगी। एजेंसी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य अभ्यर्थियों तक सही और समय पर जानकारी पहुंचाना तथा किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति को रोकना है। 21 जून को आयोजित होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।











