किसानों को नहीं मिल रहा पेट्रोल-डीजल, विधायक ने SDM को सौंपा शिकायत पत्र

बीजापुर में किसानों को पेट्रोल और डीजल की कमी तथाकथित कालाबाजारी के विरोध में सड़कों पर उतरना पड़ा। विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने जिला मुख्यालय से लगे पेट्रोल पंपों का घेराव किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने अपनी ट्रैक्टरों के साथ नैमेड से लेकर बीजापुर तक के पेट्रोल पंपों पर प्रदर्शन किया। उनकी मुख्य मांग खेती के मौसम से पहले पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना थी, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों।
प्रदर्शन के बाद मिनी स्टेडियम बीजापुर में एकत्र होकर किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। विधायक विक्रम मंडावी ने पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में कमी तथा कालाबाजारी को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि किसानों को पेट्रोल-डीजल न होने का बहाना बनाया जा रहा है, जबकि ठेकेदारों को ड्रमों में भरकर डीजल दिया जा रहा है। मंडावी ने यह भी आरोप लगाया कि पंप मालिक इस कठिन समय में पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी कर रहे हैं और किसानों के साथ दुर्व्यवहार भी कर रहे हैं।
विधायक ने पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल, खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
डीजल-पेट्रोल की कमी से किसानों की परेशानी
एक किसान ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि किसान परेशान हैं क्योंकि उन्हें पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल नहीं मिल रहा है। गंगालूर, पीडिया और गंपुर जैसे दूरस्थ गांवों से आने वाले किसान दो से तीन दिन तक डीजल के लिए रुकते हैं, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी उन्हें पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिल पाता। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि ऐसी स्थिति में खेती करना भी मुश्किल होता जा रहा है।
ट्रैक्टर रैली में किसानों का प्रदर्शन और आक्रोश
प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने के लिए विधायक विक्रम मंडावी स्वयं ट्रैक्टर चलाकर भैरमगढ़ से नैमेड तक लगभग 35 किलोमीटर पहुंचे, जिसका वीडियो भी काफी चर्चा में रहा। इस प्रदर्शन में बीजापुर जिले के दो दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए। पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में कमी और कालाबाजारी को लेकर कई किसानों में गहरा रोष देखा गया।










