रायपुर के कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा जांच: क्षमता से ज्यादा मिले छात्र, फायर सेफ्टी की खामियों पर थमाए नोटिस

रायपुर, 24 जून 2026। शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और लिफ्ट सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। नगर निगम की संयुक्त टीम ने एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ संस्थानों में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों की उपस्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमियां पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में तय क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को बैठाया जाना पाया गया। इसके अलावा कई स्थानों पर वेंटिलेशन व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। हालांकि इन संस्थानों में अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संतोषजनक पाई गईं।
वहीं आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों, वेंटिलेशन, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों के पालन में कई खामियां सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित संस्थानों के संचालकों को एक सप्ताह के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम ने संबंधित जोनों को नियमानुसार नोटिस जारी करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि तय अवधि में सुधार नहीं किया गया तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह जांच अभियान जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन की समीक्षा करना और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण दल में नगर निगम के अभियंताओं के साथ अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे। प्रशासन ने कहा है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











