WhatsApp पर साइबर खतरा: बिजनेस फाइल बनकर पहुंच रहा मैलवेयर, Kaspersky ने जारी किया अलर्ट

दुनियाभर में WhatsApp यूजर्स को निशाना बनाने वाला एक नया मैलवेयर कैंपेन सामने आया है। साइबर सिक्योरिटी कंपनी Kaspersky ने खुलासा किया है कि हैकर्स पहले से हैक किए गए WhatsApp अकाउंट्स का इस्तेमाल कर लोगों को मैलिशियस फाइलें भेज रहे हैं। ये फाइलें देखने में सामान्य बिजनेस डॉक्यूमेंट जैसी लगती हैं, लेकिन इन्हें खोलते ही मैलवेयर कंप्यूटर में सक्रिय हो जाता है।

हैक किए गए अकाउंट्स से भेजे जा रहे मैसेज

Kaspersky की ग्लोबल रिसर्च एंड एनालिसिस टीम (GReAT) के अनुसार, हमलावर ऐसे WhatsApp अकाउंट्स का इस्तेमाल कर रहे हैं जो पहले से हैक हो चुके हैं। इससे मैसेज यूजर को किसी परिचित व्यक्ति की ओर से भेजा हुआ प्रतीत होता है और लोग बिना सोचे-समझे अटैचमेंट डाउनलोड कर लेते हैं।

VBScript फाइलों के जरिए फैल रहा मैलवेयर

रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स WhatsApp Desktop और WhatsApp Web यूजर्स को VBScript फाइलें भेज रहे हैं। इन फाइलों के नाम इस तरह रखे गए हैं कि वे किसी बिजनेस रिपोर्ट, इनवॉइस या आधिकारिक दस्तावेज जैसी दिखाई दें। जैसे ही यूजर फाइल पर क्लिक करता है, मैलवेयर सिस्टम में इंस्टॉल होकर संवेदनशील जानकारी चुराने या सिस्टम को नुकसान पहुंचाने लगता है।

कई देशों में बढ़ा खतरा, भारत में भी बरतें सावधानी

कंपनी के अनुसार मलेशिया, ब्राजील, सिंगापुर समेत कई देशों में बड़ी संख्या में यूजर्स इस साइबर अभियान का शिकार बने हैं। फाइलों के नाम अंग्रेजी के अलावा पुर्तगाली, फ्रेंच और जर्मन जैसी भाषाओं में भी रखे जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह का हमला भारत में भी तेजी से फैल सकता है।

कैसे करें खुद का बचाव

  • किसी भी अनजान नंबर से आए अटैचमेंट को डाउनलोड या ओपन न करें।
  • परिचित व्यक्ति की ओर से संदिग्ध फाइल आने पर पहले उसकी पुष्टि करें।
  • WhatsApp Desktop और कंप्यूटर का सॉफ्टवेयर हमेशा अपडेट रखें।
  • भरोसेमंद एंटीवायरस और साइबर सिक्योरिटी टूल का इस्तेमाल करें।
  • संदिग्ध लिंक या फाइल मिलने पर तुरंत उसे डिलीट करें और रिपोर्ट करें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com