रायगढ़ इस्पात संयंत्र में हादसा: फर्नेस से गैस निकलने पर अफरा-तफरी, 4 मजदूर घायल

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित पूंजी पथरा के रायगढ़ इस्पात संयंत्र में बुधवार को हुए हादसे से हड़कंप मच गया। फर्नेस क्षेत्र में अचानक गैस बनने और धुआं फैलने से अफरा-तफरी मच गई, जिसमें करीब चार मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है
फर्नेस में नमी से बनी गैस, मची भगदड़
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरसात के मौसम में फर्नेस में इस्तेमाल होने वाले रॉ मैटेरियल में अधिक नमी (मॉइश्चर) होने के कारण गैस का निर्माण हुआ। गैस ऊपर निकलने के साथ ही भारी मात्रा में धुआं फैल गया, जिससे मौके पर मौजूद मजदूरों में दहशत फैल गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घबराहट में छलांग लगाने से आए चोटें
रायगढ़ इस्पात के जीएम सुनील पांडा के मुताबिक यह फर्नेस ब्लास्ट नहीं था। उन्होंने बताया कि गैस बनने से धुआं फैल गया, जिसके बाद ऊपर काम कर रहे कुछ मजदूर घबराकर इधर-उधर कूद गए। इसी दौरान उन्हें चोटें आईं। कंपनी प्रबंधन ने ब्लास्ट की खबरों का खंडन करते हुए इसे अफरा-तफरी के कारण हुई दुर्घटना बताया है।
तीन घायलों की पहचान,
घायलों में अमरेश कुमार, फिरोज आलम खान और रामनाथ सूर्यवंशी (जांजगीर-चांपा) की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य घायल की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि बेहतर इलाज के लिए दो घायलों को रेफर करने की तैयारी की जा रही है।











