मूंछों और दमदार अंदाज में छाए राजकुमार राव, 26/11 पर आधारित ‘प्रहार’ का पोस्टर रिलीज

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव एक बार फिर गंभीर और चुनौतीपूर्ण किरदार के साथ दर्शकों के बीच आने वाले हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘प्रहार’ का पहला लुक जारी कर दिया गया है, जिसमें वह 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मामले में विशेष लोक अभियोजक रहे उज्जवल निकम की भूमिका निभाते नजर आएंगे। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

दमदार लुक में दिखे राजकुमार राव

मैडॉक फिल्म्स द्वारा जारी पोस्टर्स में राजकुमार राव का बदला हुआ अंदाज देखने को मिला है। मूंछों और उम्रदराज व्यक्तित्व के साथ वह हूबहू उज्जवल निकम जैसे नजर आ रहे हैं। उनका यह लुक दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है और फैंस इसे उनके करियर का एक और दमदार किरदार मान रहे हैं।

पोस्टर के साथ सामने आया बड़ा सवाल

फिल्म के पोस्टर के साथ लिखा गया है, “कसाब को फांसी देने में इतनी देर क्यों हुई?”। इसी सवाल के जवाब और 26/11 हमले से जुड़े कानूनी संघर्ष की कहानी फिल्म ‘प्रहार’ में दिखाई जाएगी। यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

सोशल मीडिया पर फैंस का जबरदस्त रिएक्शन

राजकुमार राव के फर्स्ट लुक को दर्शकों का सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है। एक यूजर ने लिखा, “देखो कौन वापस आ रहा है, एक अभिनेता और कई चेहरे।” वहीं दूसरे यूजर ने प्रतिक्रिया दी, “गूजबंप्स आ गए, यह फिल्म जरूर देखने लायक होगी।”

वकील के किरदार में पहले भी बटोर चुके हैं तारीफ

यह पहला मौका नहीं है जब राजकुमार राव किसी वकील की भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने हंसल मेहता की चर्चित फिल्म ‘शाहिद’ में अधिवक्ता शाहिद आजमी का किरदार निभाया था। उनकी शानदार अदाकारी को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा था, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

बॉक्स ऑफिस पर होगी बड़ी परीक्षा

हालांकि फिल्म का विषय गंभीर और संवेदनशील है, लेकिन मौजूदा बॉक्स ऑफिस ट्रेंड को देखते हुए इसकी सफलता को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। हाल ही में मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘गवर्नर’ को समीक्षकों की सराहना तो मिली, लेकिन दर्शकों की संख्या सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में अब नजरें इस बात पर होंगी कि 26/11 हमले और उज्जवल निकम की संघर्षगाथा पर आधारित ‘प्रहार’ दर्शकों को कितना आकर्षित कर पाती है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com