घास की अंगूठी से किया था प्रपोज… अब पूर्व IPS काम्या मिश्रा ने लड़कों को दिए मजेदार लव टिप्स, क्यों हैं इन दिनों सुर्खियों में?

भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अफसरों की लाइफस्टाइल और उनकी कहानियां अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रहती हैं. इन दिनों बिहार कैडर की 2019 बैच की पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा (Former IPS Kamyaa Mishra) अपनी अनोखी लव स्टोरी और नौकरी से अचानक दिए इस्तीफे को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं. हाल ही में एक डिजिटल चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ, लव स्टोरी, पुलिसिंग के अनुभव और राजनीति में आने की संभावनाओं पर खुलकर बात की है.

काम्या मिश्रा और उनके पति अवधेश सरोज दीक्षित (वर्तमान में IPS) की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. काम्या ने बताया कि यूपीएससी (UPSC) क्लियर करने के बाद मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) में फाउंडेशन कोर्स के दौरान दोनों की जान-पहचान हुई थी.

कोर्स के दौरान जब वे फील्ड विजिट के लिए मध्य प्रदेश के रतलाम गए थे, तब काम्या ने आगे बढ़कर अवधेश को प्रपोज किया था. मजेदार बात यह रही कि उस वक्त उनके पास प्रपोज करने के लिए कोई महंगी रिंग नहीं थी. काम्या ने तुरंत जमीन से घास तोड़ी, उसकी एक अंगूठी बनाई और बाकी बैचमेट्स के सामने ही अवधेश को प्रॉमिस रिंग के तौर पर पहना दी. बाद में हैदराबाद की पुलिस अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान यह रिश्ता और मजबूत हुआ और दोनों ने शादी कर ली. काम्या मजाकिया लहजे में कहती हैं कि अवधेश बेहद सीधे हैं, इसलिए पहल उन्हें ही करनी पड़ी.

लड़कों को दी लड़की पटाने की फनी ट्रिक

इंटरव्यू के दौरान काम्या ने हंसते हुए लड़कों को एक मजेदार रिलेशनशिप टिप भी दी. उन्होंने कहा कि लड़कों को ऐसा दिखाना चाहिए कि उन्हें कुछ पता ही नहीं है और बिल्कुल भाव नहीं देना चाहिए. काम्या के मुताबिक, “बोलिए ही मत, इंटरेस्ट ही मत दिखाइए, भाव ही मत दीजिए, मुझे यकीन है कि लड़की पीछे आ जाएगी. भाव दोगे तो भाग जाएगी, क्योंकि मुश्किल चीजों के पीछे भागने और चेज करने में सबको रोमांच मिलता है.”

क्यों होती है IAS-IPS अफसरों के बीच ज्यादा शादियां?

जब काम्या से पूछा गया कि मसूरी और हैदराबाद से इतने सारे प्रशासनिक कपल क्यों निकलते हैं, तो उन्होंने इसके पीछे की व्यावहारिक वजह बताई. उन्होंने कहा कि एक ही फील्ड के होने के कारण पति-पत्नी को एक-दूसरे की नौकरी की चुनौतियों, जिम्मेदारियों और टाइमिंग का अच्छे से पता होता है. पुलिस की नौकरी में अक्सर घर से बाहर ज्यादा समय बीतता है, ऐसे में एक-दूसरे के बैकग्राउंड को समझना एडजस्टमेंट को काफी आसान बना देता है.

दियारा में नाइट रेड और वो चर्चित ‘जिम ट्रेनर केस’

एक पुलिस अफसर के तौर पर अपने अनुभवों को साझा करते हुए काम्या ने बताया कि गंगा के दियारा और बीहड़ों में रात के समय शराब माफियाओं के खिलाफ रेड करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि अंधेरे में अपराधी आसानी से भाग निकलते हैं.

उन्होंने अपने करियर के सबसे यादगार केस के रूप में पटना के साल 2021 के चर्चित ‘जिम ट्रेनर हत्याकांड का प्रयास’ याद किया. उस मामले में एक विवाहित महिला (जिम ट्रेनर की प्रेमिका) ने अफेयर से पीछे हटने पर जिम ट्रेनर को मारने के लिए सुपारी दी थी. जिम ट्रेनर को कई गोलियां लगी थीं, लेकिन वह खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा और उसकी जान बच गई. इस केस में एक डॉक्टर और उनकी पत्नी की गिरफ्तारी हुई थी. काम्या ने यह भी बताया कि ड्रग्स या नशे के आदी अपराधियों से पूछताछ करना और उनसे सच उगलवाना सबसे मुश्किल काम होता है.

आखिर क्यों छोड़ दी आईपीएस की नौकरी?

काम्या मिश्रा ने महज तीन साल की सर्विस के बाद साल 2024 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, उनकी आखिरी पोस्टिंग दरभंगा में ग्रामीण एसपी के तौर पर थी. इस्तीफे के बाद उड़ने वाली गॉसिप्स पर विराम लगाते हुए उन्होंने साफ किया, “मुझ पर जॉब छोड़ने का कोई दबाव नहीं था. वजह पूरी तरह व्यक्तिगत थी. मेरे पापा का बिजनेस है और मैं उनकी इकलौती संतान हूँ. उनके बिजनेस को संभालने के लिए ही मैंने यह फैसला लिया.”

क्या राजनीति में कदम रखेंगी काम्या?

भविष्य की योजनाओं और राजनीति में आने के सवाल पर पूर्व आईपीएस ने कहा कि फिलहाल उन्होंने कोई प्लानिंग नहीं की है, लेकिन वे इसके लिए पूरी तरह इनकार भी नहीं कर रहीं. काम्या ने कहा, “यदि समाज सेवा के लिए राजनीति में आने का अवसर मिलता है, तो मैं उस समय की परिस्थिति के हिसाब से सोचूंगी. मैं उसी पॉलिटिकल पार्टी को जॉइन करूंगी जिसकी विचारधारा मुझसे मेल खाएगी और जो देशहित में काम करेगी.” इसके साथ ही उन्होंने पटना के प्रसिद्ध शिक्षक खान सर के पढ़ाने के अनोखे अंदाज की भी जमकर तारीफ की.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com