कसडोल में 8 संदिग्ध मौतों पर सियासत तेज: विधायक संदीप साहू ने CBI-SIT जांच की उठाई मांग

रायपुर/बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले के कसडोल क्षेत्र में हुई 8 लोगों की संदिग्ध मौतों का मामला अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। एक ओर पुलिस ने मामले में गांव के ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा मौतों के पीछे तंत्र विद्या की आशंका जताई जा रही है। इसी को लेकर कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने राज्य सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

CBI या SIT जांच की मांग

कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने कहा कि इतने बड़े और संवेदनशील मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पूरे घटनाक्रम की जांच CBI या विशेष जांच दल (SIT) से कराई जाए, ताकि मौतों की वास्तविक वजह सामने आ सके। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार तंत्र विद्या और अंधविश्वास से जुड़े सवाल उठ रहे हैं, जिनकी भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

फरवरी से मई के बीच हुई थीं 8 मौतें

जानकारी के अनुसार कसडोल क्षेत्र के खर्वे गांव में फरवरी से 14 मई के बीच 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। लगातार हो रही मौतों से गांव में भय और दहशत का माहौल बन गया था। ग्रामीणों ने गांव के ही राम सहाय जायसवाल पर संदेह जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की थी।

पूछताछ में आरोपी ने किया चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस जांच के दौरान हिरासत में लिए गए आरोपी राम सहाय जायसवाल ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने स्वीकार किया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर हुए विवाद, गाली-गलौज, पुरानी रंजिश और अंधविश्वास के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने कथित तौर पर शराब में सुहागा मिलाकर लोगों को पिलाया, जिससे उनकी मौत हो गई।

तंत्र विद्या की आशंका से बढ़ी चर्चा

हालांकि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद ग्रामीणों के बीच मौतों को लेकर कई तरह की चर्चाएं जारी हैं। कुछ लोग इन घटनाओं के पीछे तंत्र विद्या या अंधविश्वास से जुड़ी गतिविधियों की आशंका जता रहे हैं। इसी वजह से मामले की स्वतंत्र और व्यापक जांच की मांग लगातार उठ रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com