बांसवाड़ा में महिला का मुंह खा गया कुत्ता:खाना खाकर घर के बाहर बैठीं थी, अचानक किया अटैक

बांसवाड़ा में घर के आंगन में बैठी एक बुजुर्ग महिला पर खूंखार कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के हाथ और चेहरे को बुरी तरह नोच डाला। होंठ से गाल तक का मांस कटकर निकल गया। गंभीर रूप से घायल महिला के चेहरे और हाथ पर 40 टांके लगाने पड़े। यही कुत्ता गांव के दो अन्य लोगों पर भी हमला कर चुका है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मामला सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र का है।
आंगन में बैठे थे, तभी कुत्ते ने कर दिया हमला
जानकारी के अनुसार, बडवेल निवासी हीरा (50) पत्नी मकना गुरुवार शाम करीब 7 बजे खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता वहां आ गया और सीधे उन पर हमला कर दिया। महिला जब तक कुछ समझ पाती, तब तक कुत्ते ने उनके हाथ और गाल पर बुरी तरह काट लिया।
लोगों ने कुत्ते को भगाया, अस्पताल में आए 40 टांके
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत सज्जनगढ़ के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कुत्ते के हमले में महिला के हाथ और गाल पर 40 टांके आए हैं।
एक ही दिन में तीन लोगों को बनाया शिकार, गांव में दहशत
108 एम्बुलेंस के पायलट पंकज कुमार जाटव ने बताया – इस कुत्ते ने केवल हीरा देवी को ही नहीं, बल्कि गांव के दो अन्य लोगों को भी काटकर घायल कर दिया। एक ही दिन में तीन लोगों पर हुए हमले के बाद बडवेल गांव में दहशत का माहौल है। घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।











