जयमाल से पहले दूल्हे की मौत, बिना दुल्हन लौटी बारात; शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक तरफ शादी की रस्में चल रही थीं, शहनाइयों की गूंज थी और हर चेहरा खुशी से खिलखिला रहा था, वहीं पलक झपकते ही सारी खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं. जिले के सरिसवा बाजार इलाके में आई एक बारात में जयमाल की रस्म से ठीक पहले दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

सरिसवा बाजार स्थित भरवलिया (वार्ड संख्या-06) निवासी शक्तिनाथ शर्मा (25) की शादी रामगढ़वा निवासी संतोष शर्मा की पुत्री रघुनी कुमारी से तय हुई थी. गुरुवार की रात राम-जानकी मंदिर में विवाह संपन्न होना था. रिश्ता करीबी था, क्योंकि दुल्हन असल में दूल्हे के बड़े भाई की साली थी. ​बारात बड़े ही धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ रामगढ़वा पहुंची थी. सब कुछ योजना के मुताबिक चल रहा था और जयमाल की रस्म शुरू होने ही वाली थी कि अचानक दूल्हे शक्तिनाथ के पेट में तेज दर्द उठा. दर्द इतना असहनीय था कि देखते ही देखते दूल्हे की हालत गंभीर होने लगी और वह तड़पने लगा.

​अस्पताल में तोड़ा दम, बिना दुल्हन वापस लौटे बाराती

​दूल्हे की बिगड़ती हालत को देख शादी समारोह में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में परिजन और रिश्तेदार दूल्हे को लेकर रक्सौल स्थित एसआरपी (SRP) अस्पताल भागे. डॉक्टरों ने तुरंत उसे एडमिट कर इलाज शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. इलाज के दौरान ही शक्तिनाथ ने दम तोड़ दिया. दूल्हे की मौत की खबर जैसे ही शादी के घर पहुंची, उत्सव का माहौल चीख-पुकार में बदल गया. जिस मंडप से दुल्हन की विदाई होनी थी, वहां से बारात बिना दुल्हन के, आंसुओं के सैलाब के साथ वापस लौट गई.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com