राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: ट्रस्ट महासचिव चंपत राय का इस्तीफा, 8 गिरफ्तार

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव को भी मंदिर की व्यवस्था से बाहर कर दिया गया है।
चंपत के पास पूरे मंदिर की जिम्मेदारी थी। राय के बाद ट्रस्टी अनिल और गोपाल राव की मंदिर व्यवस्था में बड़ी भूमिका थी। एक हफ्ते पहले सीएम योगी अयोध्या दौरे पर गए थे। उस वक्त चंपत को उनके दौरे से दूर रखा गया था, तभी से यह सुगबुगाहट थी कि उन्हें हटाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, अब ट्रस्ट का पुनर्गठन किया जाएगा।
चढ़ावा चोरी मामले में गुरुवार देर शाम ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली FIR दर्ज कराई गई थी। इसमें चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा समेत अन्य बड़े पदाधिकारियों के नाम नहीं हैं। इसके बाद गुरुवार देर रात रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आज शुक्रवार को सभी 8 आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया गया। सीजेएम कोर्ट ने सभी आरोपियों को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया है।
अभियोजन अधिकारी केसी वर्मा ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सोमवार को उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। सभी आरोपियों से कुल 79 लाख 85 हजार 493 रुपए बरामद किए गए हैं।
ट्रस्ट में 14 सदस्य, चंपत-अनिल का इस्तीफा
SIT ने 23 जून को रिपोर्ट सौंपी, 2 दिन बाद गिरफ्तारी
चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया। यूपी सरकार ने 13 जून को SIT बनाई। SIT ने 23 जून को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (गृह) संजय प्रसाद को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। इसके 2 दिन बाद कार्रवाई हुई और मंदिर से जुड़े 8 लोगों को गिरफ्तार किया।
इनमें टिन्नू, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष यादव, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा शामिल हैं। अनुकल्प लवकुश का जीजा है। ये दोनों अनिल मिश्रा के रिश्तेदार हैं। वहीं, मनीष टिन्नू यादव का भतीजा है।
संजय राउत ने पूछा- उद्धव की ईंट कहां गई, केजरीवाल बोले- महापाप हुआ
- राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को ‘X’ पर पूछा, ‘राम मंदिर के लिए उद्धव की दान की हुई 4 किलो चांदी की कहां गई? अब जवाबदेही तय करने का समय आ गया है।’
- दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को रामलला के दर्शन किए। कहा- जिन्होंने महापाप किया, उन्हें कड़ी सजा मिले। FIR दिखावा है। बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। सनातन के मूल्यों को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी।’











