पति ने परिवार की हत्या के बाद ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, मुरैना में चार मौतों से सनसनी

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद खुद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना जिले के किशनपुर क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय बलराम सिंह ने अपने घर के आंगन में पत्नी रबीता कुशवाहा, पांच वर्षीय बेटे अतुल उर्फ देवू और आठ वर्षीय बेटे आरव पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों की हत्या के बाद आरोपी घर से कुछ दूरी पर स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक के पास पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोसियों को घर के भीतर से कोई हलचल नहीं दिखी। संदेह होने पर उन्होंने दीवार के ऊपर से झांककर देखा तो आंगन में तीनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।











