इंस्टाग्राम पर दोस्ती पड़ी महंगी, विदेश से गिफ्ट भेजने के झांसे में महिला से 3.23 लाख की साइबर ठगी

राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने इंस्टाग्राम पर खुद को डॉक्टर बताकर एक 28 वर्षीय युवती से दोस्ती की और विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर 3.23 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने पहले सोशल मीडिया के जरिए महिला का विश्वास जीता, फिर कस्टम चार्ज, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग किश्तों में रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा ली। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, कुशालपुर क्षेत्र की रहने वाली युवती की करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति से पहचान हुई थी। आरोपी ने खुद को विदेश में कार्यरत डॉक्टर बताया और लगातार बातचीत कर महिला का भरोसा जीत लिया। बाद में दोनों की बातचीत व्हाट्सऐप पर होने लगी, जहां आरोपी ने महिला से उसकी तस्वीरें और वीडियो भी मंगवाए।
कुछ समय बाद आरोपी ने महिला को बताया कि उसने विदेश से उसके लिए महंगे गिफ्ट भेजे हैं। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट की कंपनी का कर्मचारी बताते हुए महिला से गिफ्ट छुड़ाने के लिए पहले 6 हजार रुपये जमा करने को कहा। महिला के व्हाट्सऐप पर भेजे गए क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान करने के बाद उससे कस्टम ड्यूटी, टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर लगातार पैसे मांगे जाते रहे।
महिला ने 4 जून से 20 जून के बीच अपने बैंक खाते और च्वाइस सेंटर के माध्यम से विभिन्न यूपीआई ट्रांजेक्शन कर कुल 3,23,998 रुपये आरोपियों के खातों में भेज दिए। इसके बावजूद न तो उसे कोई गिफ्ट मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। इसके बाद महिला को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खातों और यूपीआई ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की बातों में आकर किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान करने से पहले पूरी तरह सत्यापन जरूर करें।











