विधायक कॉलोनी के लिए नकटी गांव में चला बुलडोजर, 48 मकानों पर कार्रवाई से तनाव

रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए सोमवार सुबह से प्रशासन ने बेदखली अभियान शुरू कर दिया। कार्रवाई के तहत वार्ड क्रमांक 16 और 17 में बने 48 मकानों को हटाया जा रहा है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।

सुबह राजस्व विभाग की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। कई लोग जेसीबी मशीनों के सामने खड़े हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के बीच घरों से लोगों ने अपना सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

प्रशासन का कहना है कि जिन भूखंडों पर मकान बने हैं, वे सरकारी भूमि हैं और उन पर अवैध कब्जा किया गया है। इसी आधार पर संबंधित परिवारों को पहले ही जमीन खाली करने के नोटिस जारी किए गए थे। दूसरी ओर ग्रामीणों का दावा है कि वे वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और यह क्षेत्र गांव की आबादी का हिस्सा है। उनका कहना है कि कई परिवारों को इसी स्थान पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान भी आवंटित किए गए हैं, इसलिए उन्हें अतिक्रमणकारी बताकर हटाना उचित नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार वार्ड 16 और 17 में करीब 48 परिवार रहते हैं। पहले यह भूमि गांव की निस्तारी जमीन थी, लेकिन समय के साथ यहां आबादी बस गई। अब प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए इसी भूमि को अधिग्रहित किया जा रहा है, जिसका ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं।

इससे पहले भी प्रशासन बेदखली की कार्रवाई कर चुका है। पिछले वर्ष विरोध और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद अभियान रोक दिया गया था। हाल ही में फिर से नोटिस जारी होने के बाद ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया। बीते दिनों अधिकारियों का घेराव कर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।

गौरतलब है कि विधायक कॉलोनी के लिए भूमि चयन का मुद्दा इस वर्ष विधानसभा के बजट सत्र में भी उठा था। इसके बाद प्रशासन ने नकटी गांव में कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी। फिलहाल मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी में बेदखली अभियान जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com