सर्पदंश मुआवजा दिलाने के बदले 50 हजार की डिमांड : गारंटी में मांगा साइन किया चेक; ACB ने बाबू को दबोचा

रायगढ़, 28 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सर्पदंश से मृत महिला के परिजनों को मिलने वाली सरकारी मुआवजा राशि का भुगतान कराने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बुलाकी, तहसील पुसौर निवासी विजय सिदार ने ACB बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उनकी पत्नी रामकुमारी की सर्पदंश से मौत हो गई थी। शासन की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन मामला रायगढ़ कलेक्ट्रेट में लंबित था।
शिकायतकर्ता जब मुआवजा राशि जल्द जारी कराने के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा, तो आरोपी बाबू राजकुमार सिदार ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। आरोपी ने यह भी कहा कि मुआवजा राशि खाते में आने के बाद रकम उसे देनी होगी। इतना ही नहीं, रिश्वत की गारंटी के तौर पर उसने 50 हजार रुपये का हस्ताक्षरित चेक भी मांगा।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 28 जुलाई को ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ACB की टीम ने आरोपी बाबू को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये का हस्ताक्षरित चेक लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, रिश्वत की गारंटी के रूप में हस्ताक्षरित चेक मांगने और उसी के साथ आरोपी के पकड़े जाने का यह अपने तरह का पहला मामला माना जा रहा है।











