बिलासपुर में पुरानी रंजिश का खूनी खेल, पिकअप से कुचलने की कोशिश के बाद दो युवकों पर जानलेवा हमला

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि पहले बदमाशों ने पिकअप वाहन से दोनों को कुचलने की कोशिश की और इसके बाद पाइप व डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, लिंगियाडीह निवासी निखिल ध्रुव ने शिकायत दर्ज कराई है कि 26 जून की रात उसका दोस्त आदित्य महंत उर्फ रिंकू और रवि गंधर्व अपोलो चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए।
आरोप है कि वाहन से उतरते ही बांडया, बऊवा और उनके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और पाइप तथा डंडों से दोनों युवकों की जमकर पिटाई की। इसी दौरान अमन नायडू भी मौके पर पहुंचा और अपने साथियों के साथ मिलकर हमला करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
हमले के बाद घायल युवकों को उनके दोस्तों ने तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने बांडया, बऊवा, अमन नायडू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के सीसीटीवी फुटेज में 8 से 10 युवक पाइप और लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। मामले में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।











