छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर तेज, अगले सात दिन अधिकांश जिलों में भारी वर्षा और बिजली गिरने की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है। पिछले दस दिनों से धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा मानसून अब पूरे प्रदेश को कवर कर चुका है, जिससे लगातार बारिश का दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 30 जून तक प्रदेश में सामान्य रूप से 188 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार केवल 66.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यानी जून महीने में सामान्य से करीब 65 प्रतिशत कम वर्षा हुई। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद आने वाले दिनों में इस कमी की काफी हद तक भरपाई होने की उम्मीद है।

सैटेलाइट तस्वीरों में मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर घने बादलों का बड़ा समूह दिखाई दे रहा है। इसका असर रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा सहित आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है। प्रदेश के पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा से भी लगातार नमी वाले बादल प्रवेश कर रहे हैं, जिससे अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।

राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

बारिश और खराब मौसम का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई दिया है। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में पेड़ के नीचे खड़े दो बच्चों और एक युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं बिलासपुर में तेज आंधी और बारिश के दौरान कलेक्टर बंगले के पास एक बड़ा पेड़ कार पर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार में सवार लोग सुरक्षित बच गए। पेड़ गिरने से बिजली के तार टूटने के कारण आसपास के क्षेत्र में कुछ समय तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com