रायपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म तक पहुंची कार, बड़ा हादसा टला; आरपीएफ ने दर्ज किया मामला

रायपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का मामला सामने आया है। स्टेशन परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक इनोवा कार पार्सल कार्यालय की ओर से स्टेशन में प्रवेश कर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पार करते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंच जाती है। कुछ देर के लिए कार ट्रैक के बीच फंस गई, लेकिन उस समय किसी ट्रेन की आवाजाही नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब एक बजे की है। वायरल वीडियो में कार को प्लेटफॉर्म से होते हुए सीधे ट्रैक की ओर जाते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
आरपीएफ ने वाहन चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 147 (अनधिकृत प्रवेश), धारा 154 (यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालना) और धारा 159 (प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से वाहन चलाना) के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार पार्सल कार्यालय की ओर से स्टेशन परिसर में दाखिल हुई और बिना रोक-टोक प्लेटफॉर्म तक पहुंच गई। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि वाहन स्टेशन परिसर और रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंच गया। मामले की जांच जारी है।











