शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: राजनांदगांव में शिकायत दर्ज होने के बाद था फरार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

राजनांदगांव के घुमका थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म करने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 6 मई की है। आरोपी राहुल बघेल ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया। वहां उसने शादी का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का झूठा आश्वासन देकर पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा।

धोखे का पता चलने पर दर्ज कराई शिकायत

जब पीड़िता को आरोपी की नीयत का पता चला तो उसने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों के साथ घुमका थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था।

विशेष टीम गठित कर की गई तलाश

महिला उत्पीड़न से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (डोंगरगांव) मंजूलता बाज के निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पूछताछ में कबूला अपराध

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल बघेल (21), निवासी छोटे बिरेझर, थाना घुमका, जिला राजनांदगांव का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने 1 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com