मुंबई में बारिश के बीच बड़ा हादसा, मोबाइल पर बात करते-करते 25 फीट गहरे मैनहोल में गिरा शख्स, मौत

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच हादसों का सिलसिला भी तेज हो गया है. कुछ दिन पहले चेंबूर में एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक छात्र की दर्दनाक मौत हुई थी. अब शहर के साकीनाका इलाके से एक और घटना सामने आई है, जहां एक शख्स करीब 20 से 25 फीट गहरे खुले मैनहोल में गिर गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं. शख्स की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें शख्स की लाश बरामद हुई.
यह घटना साकीनाका के खैरानी रोड स्थित सम्मान होटल के पास हुई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, शख्स मोबाइल फोन पर बात करते हुए सड़क से गुजर रहा था. इसी दौरान वह खुले मैनहोल को देख नहीं पाया और सीधे उसके अंदर जा गिरा. बताया जा रहा है कि उस स्थान पर एक निजी ठेकेदार की ओर से मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था, जिसके चलते मैनहोल का ढक्कन हटाया गया था. हालांकि, मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी संकेत मौजूद थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.











