कैमरे की एक क्लिक ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में युवक ने लगाई फांसी

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी समारोह की खुशियां पल भर में मातम में तब्दील हो गईं. पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ला पेट्रोल पंप के पास कोर क्षेत्र जमुनिया में एक 36 वर्षीय युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला. इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया
कैमरे की एक क्लिक ने कैसे हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. 36 साल का कैलाश अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान कैलाश प्रजापति, निवासी छतरपुर के रूप में हुई है. कैलाश मड़ला में अपने साले के बेटे के शादी समारोह में शामिल होने आया था. शादी की रौनक और खुशियों के बीच ही सब कुछ बदल गया. बताया जा रहा है कि वैवाहिक रस्मों के दौरान कैलाश की पत्नी ने लड़की के फूफा के साथ एक फोटो खिंचवा ली थी.
बस इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हो गया. परिजनों ने बीच-बचाव कर उस समय मामला शांत करा दिया, लेकिन कैलाश इस बात से अंदर ही अंदर बेहद आहत और टूट गया था.
साली ने बताई कहानी
रेखा प्रजापति (साली) ने बताया, ‘दीदी और जीजा का फोटो को लेकर झगड़ा हुआ था. हमने समझा-बुझाकर मामला शांत भी कर दिया था. कौन जानता था कि जीजा इतना बड़ा कदम उठा लेंगे. शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.’
शादी की खुशियों के बीच कैलाश शौच का बहाना बनाकर घर से निकल गया और सीधे टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर क्षेत्र जमुनिया पहुंच गया. यहां उसने एक पेड़ से फांसी लगा ली. अगले दिन जब चरवाहे जंगल में गए तो उन्होंने पेड़ से लटका शव देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.









