कड़ार सेवार की जर्जर सड़क पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में मछली पालन कर सरकार को घेरा

बिलासपुर। जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ार सेवार में वर्षों से बदहाल पड़ी मुख्य सड़क को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उसे तालाब का रूप देते हुए प्रतीकात्मक मछली पालन किया। जाल फेंककर किए गए इस प्रदर्शन के जरिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान सड़क की बदहाली की ओर आकर्षित करने की कोशिश की गई।
बरसात में सड़क नहीं, बन जाता है तालाब
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कड़ार सेवार की यह मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पूरी तरह तालाब जैसी दिखाई देती है। इससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, किसानों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
वर्षों से हो रही मांग, नहीं मिला समाधान
कांग्रेस का कहना है कि ग्रामीण कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में प्रशासन और संबंधित विभाग को कई बार ज्ञापन सौंपे गए और शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया।











