‘आप चिंता मत करो, बचा लेंगे…’, दिल्ली के रोहिणी हादसे का दिल दहला देने वाला VIDEO वायरल

राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर ढह गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में मलबे के नीचे दबे एक व्यक्ति का सिर्फ हाथ दिखाई दे रहा है. वह हाथ हिलाकर धीमी आवाज में मदद की गुहार लगाता दिख रहा है. इस दौरान रेस्क्यू टीम के जवान उसे लगातार हौसला देते हुए कहते सुनाई देते हैं, “आप चिंता मत करो… आपका हाथ दिख रहा है… हम आपको सुरक्षित बाहर निकाल लेंगे.
लिंटर काटकर पहुंचने की कोशिश
फायर टीम के अनुसार, मलबे में दबे लोगों तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू टीम कटर मशीन की मदद से कंक्रीट के लिंटर को काट रही है. भारी मलबे के बीच बेहद सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मलबे में फंसे लोगों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार, 4 से 5 लोगों के दबे होने की आशंका है.
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना बुधवार शाम करीब 4:20 बजे मिली. हादसा रोहिणी सेक्टर-16 में एमसीडी स्कूल के पास हुआ, जहां एक मकान अचानक ढह गया. सूचना मिलते ही चार फायर ब्रिगेड गाड़ियों और रेस्क्यू टीमों को मौके पर रवाना किया गया. बाद में राहत कार्य को और तेज करने के लिए दो अतिरिक्त गाड़ियां भी भेजी गईं.
फिलहाल निर्माणाधीन इमारत गिरने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि लगातार हो रही बारिश को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि पूरी इमारत और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है. सुरक्षा के मद्देनजर इलाके को घेर लिया गया है, ताकि राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए.
जांच और रेस्क्यू जारी
घटनास्थल पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, NDRF-SDRF और प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं. मलबा हटाने के लिए भारी उपकरणों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी डॉ. बी.आर. आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. बिल्डिंग करीब 4:02 बजे गिरी, जबकि इसकी सूचना शाम 4:20 बजे दमकल विभाग को दी गई. बताया जा रहा है कि हादसे के समय इमारत में निर्माण और रिनोवेशन का काम चल रहा था. बिल्डिंग मालिक और वहां काम कर रहे कुछ मजदूर मलबे में दब गए.











