थ्रीडी प्लांट हादसे की जांच तेज, कांग्रेस टीम करेगी फैक्ट फाइंडिंग, पीड़ितों की सुनेगी आवाज

रायपुर। थ्रीडी इनोवेशन प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत के मामले को लेकर गठित छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जांच समिति ने अपनी जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। बुधवार को समिति की बैठक पूर्व मंत्री एवं समिति के संयोजक शिवकुमार डहरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें घटना की निष्पक्ष जांच को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
9 जुलाई को होगा प्लांट का निरीक्षण
बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस की जांच समिति 9 जुलाई को दोपहर 3 बजे थ्रीडी इनोवेशन प्लांट पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। समिति हादसे के कारणों, सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारियों से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाएगी।
पीड़ित परिवारों से मिलेगी समिति
जांच समिति केवल घटनास्थल का निरीक्षण ही नहीं करेगी, बल्कि हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों एवं प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, मांगों और शिकायतों को भी सुनेगी। समिति का उद्देश्य पीड़ित परिवारों का पक्ष जानकर पूरी घटना की निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार करना है।
सभी तथ्यों की होगी निष्पक्ष जांच
समिति ने स्पष्ट किया कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का गहन अध्ययन किया जाएगा। हादसे के कारणों, सुरक्षा मानकों के पालन और जिम्मेदार पक्षों की भूमिका की जांच के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, धरसींवा की पूर्व विधायक अनीता शर्मा, कांग्रेस नेता पंकज शर्मा, ऊधो वर्मा, भावेश बघेल, मोहम्मद सिद्दीक, बाबा खान (मंडल अध्यक्ष, उरला) तथा मृतक अरुण पांडे के परिवार की ओर से गणेश कुंभकार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।











