बदला-बदला मौसम: छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के आसार, जानिए आपके जिले का हाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि कई जिलों में आसमान बादलों से ढका हुआ है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।

बुधवार को कैसा रहा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस सीजन में अब तक प्रदेश में औसत से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है।इन जिलों में आज बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरिया, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव और कांकेर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज गर्जना के साथ बारिश भी हो सकती है।

वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह

उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम क्यों बदला?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इसके साथ जुड़े चक्रवाती परिसंचरण और समुद्र तल पर बनी मौसमी द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत में नमी बढ़ी है। यही कारण है कि प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com