प्रेम संबंध बना मौत की वजह: मंदसौर से पहुंचे शंकर की धमतरी में हत्या, पति ने टंगिया से किया हमला

धमतरी, 09 जून 2026

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध संबंध के शक में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में एक युवक की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शंकर सूर्यवंशी की करीब एक वर्ष पहले मोबाइल फोन के माध्यम से बाजार कुर्रीडीह की रहने वाली एक महिला से जान-पहचान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।

बताया जा रहा है कि बुधवार को शंकर अपनी महिला मित्र से मिलने मंदसौर से धमतरी पहुंचा था। रात के समय वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंचा और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। यह देखकर वह गुस्से से बेकाबू हो गया और टंगिया से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से शंकर सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की परिस्थितियों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com