पुलिस को चकमा देकर थाने से भागी महिला, बालोद एसपी का बड़ा एक्शन, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी खबर सामने आई है। चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए कोतवाली थाना लाई गई एक महिला पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन आरक्षकों को निलंबित कर दिया।
तीन आरक्षकों पर गिरी कार्रवाई की गाज
एसपी के आदेश पर आरक्षक शिव कुमार ध्रुव, पूर्णिमा ठाकुर और उमेश निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के समय तीनों की ड्यूटी थाने में थी और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक हुई।
पूछताछ के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागी आरोपी
एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि चोरी के मामले में आरोपी रेखा सोरी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा दिया और कोतवाली थाने से फरार होने में सफल रही। घटना के बाद विभाग में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित
पुलिस ने फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











