जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में किशोर की मौत, चाचा की हालत गंभीर

जांजगीर-चांपा जिले के सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम चोरिया में दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक मनोज धनवार अपने चाचा रमेश लाल धनवार के साथ बाइक से बम्हनीडीह स्थित रिश्तेदार के घर से अपने गांव चोरिया लौट रहा था। गांव के प्रवेश द्वार के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल चांपा के बीडीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मनोज धनवार को मृत घोषित कर दिया। वहीं रमेश लाल धनवार के पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें पहले जिला अस्पताल जांजगीर भेजा गया और बाद में हालत नाजुक होने पर बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सरगांव थाना पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और टक्कर के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com