सीजन की पहली ड्रोन तस्वीर आई सामने, चित्रकोट जलप्रपात पर उमड़ने लगी पर्यटकों की भीड़

बस्तर का चित्रकोट जलप्रपात मानसून की बारिश के बाद फिर अपने खूबसूरत रूप में नजर आने लगा है। सीजन की पहली ड्रोन तस्वीरों में जलप्रपात से 2 से 3 बड़ी धाराएं बहती दिख रही हैं। करीब दो-तीन महीने पहले गर्मी के कारण चित्रकोट लगभग सूख गया था।
एक समय ऐसा भी आया था, जब यहां पानी की एक बूंद तक नजर नहीं आ रही थी। अब लगातार हो रही बारिश से इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसका असर चित्रकोट जलप्रपात पर साफ दिखाई दे रहा है। जलप्रपात का सुंदर नजारा देखने के लिए अब बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचने लगे हैं।
2 महीने पहले सूख गया था जलप्रपात
भीषण गर्मी के दौरान चित्रकोट जलप्रपात लगभग सूख गया था। उस समय लोग पैदल ही जलप्रपात के नीचे तक पहुंच रहे थे और चट्टानें साफ दिखाई दे रही थीं। अब बारिश के बाद वही जलप्रपात फिर से पानी से भर गया है और पहले की तरह आकर्षक नजर आ रहा है।
इंद्रावती नदी का बढ़ा जलस्तर
बस्तर संभाग में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इससे इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ा है। इसी नदी का पानी चित्रकोट जलप्रपात में गिरता है। पानी बढ़ने के साथ जलप्रपात की धाराएं भी चौड़ी और तेज हो गई हैं। अगर बारिश ऐसे ही जारी रही तो आने वाले दिनों में जलप्रपात और भी भव्य दिखाई देगा।
पर्यटकों की बढ़ने लगी भीड़
मानसून शुरू होते ही चित्रकोट जलप्रपात की रौनक लौट आई है। बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। ड्रोन से दिख रही जलधाराएं और चारों ओर फैली हरियाली लोगों को खूब आकर्षित कर रही है। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।











