ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में चढ़ते वक्त फिसला पैर, RPF जवान की फुर्ती से बची यात्री की जान

राजनांदगांव में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान फिसले एक यात्री को आरपीएफ के प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार ने समय रहते खींचकर सुरक्षित बचा लिया। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत की गई।
घटना 8 जुलाई की है। गाड़ी संख्या 12101 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस निर्धारित ठहराव के बाद राजनांदगांव स्टेशन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। पायदान पर पैर रखते ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिरने लगा।
झारसुगुड़ा जा रहा था यात्री
बचाए गए यात्री की पहचान बृजेश सकुनिया (52) निवासी झारसुगुड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि वे गोंदिया से झारसुगुड़ा जा रहे थे। किसी काम से राजनांदगांव स्टेशन पर उतरे थे, लेकिन ट्रेन चलने पर जल्दबाजी में चढ़ने की कोशिश करते समय उनका पैर फिसल गया।
RPF का जताया आभार
घटना के बाद यात्री को आरपीएफ चौकी ले जाकर प्राथमिक जांच की गई और पानी पिलाया गया। बृजेश सकुनिया ने भावुक होकर आरपीएफ और प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जवान की सतर्कता नहीं होती तो उनकी जान बचना मुश्किल था। इसके बाद उन्हें सुरक्षित आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।
यात्रियों से RPF की अपील
यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर चेतन दिलीपराव जिचकार के मार्गदर्शन में की गई। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में रेलवे हेल्पलाइन 139 पर तुरंत संपर्क करें।











