भिलाई नर्सिंग छात्रा हत्याकांड: एक दिन पहले भी हत्या की फिराक में था आरोपी, अगले दिन पूरी साजिश के साथ पहुंचकर किया हमला

भिलाई में 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा खुशी साहू की हत्या के मामले में पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लाकेश्वर उर्फ पिंटू साहू ने वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया था। वह घटना से एक दिन पहले भी छात्रा की हत्या करने के इरादे से उसके किराए के कमरे तक पहुंचा था, लेकिन छात्रा के नहीं मिलने पर वापस लौट गया। अगले दिन वह दोबारा पहुंचा और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई की दोपहर आरोपी रामनगर स्थित छात्रा के किराए के कमरे में पहुंचा। उस समय छात्रा अपनी सहेली के साथ मौजूद थी। सहेली के बाथरूम जाने का फायदा उठाकर आरोपी कमरे में घुसा और पहले छात्रा का गला दबाया। इसके बाद उसने धारदार हथियार से लगातार 10 से 11 बार हमला किया। हमला करीब ढाई से तीन मिनट के भीतर किया गया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के बाद सबूत मिटाने की तैयारी भी करके आया था। उसने एक के ऊपर एक दो शर्ट पहन रखी थीं और जींस के अंदर बरमूडा भी पहना था। हत्या के बाद उसने खून से सने कपड़े और जूते उतारकर कुम्हारी के पास खारून नदी में फेंक दिए, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। इसके बाद अंदर पहने कपड़ों में ही मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर 24 घंटे के भीतर आरोपी को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रायपुर के खमतराई इलाके में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था और उस पर संबंध बनाने तथा शादी करने का दबाव बना रहा था। छात्रा ने उसकी बात मानने से इनकार कर दिया था और कुछ समय पहले उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची। पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्रा का दूर का रिश्तेदार भी था, जिससे दोनों की पहले से पहचान थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।










