अहमद खान की तीन बड़ी फिल्मों पर काम शुरू, टाइगर-शनाया की जॉम्बी कॉमेडी और बेटे अजान की लॉन्चिंग तय

मुंबई। फिल्म निर्देशक अहमद खान अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के बाद एक बार फिर बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने पुष्टि की है कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ और शनाया कपूर की नई फिल्म जल्द फ्लोर पर जाएगी। यह एक जॉम्बी कॉमेडी होगी, जिसमें कई कलाकार नजर आएंगे।
अहमद खान ने बताया कि फिल्म का फोटोशूट पूरा हो चुका है और बाकी कलाकारों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिल्म का प्रोडक्शन जल्द शुरू होगा। इस समय टाइगर श्रॉफ अपनी फिल्म ‘लग जा गले’ की शूटिंग में व्यस्त हैं।
इसके अलावा अहमद खान एक और बड़ी मल्टीस्टारर फिल्म की तैयारी में हैं। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में करीब 33 कलाकार होंगे। उनके मुताबिक यह फिल्म अपने बड़े पैमाने और स्टारकास्ट के कारण खास होगी।
अहमद खान ने यह भी खुलासा किया कि वह जल्द अपने बेटे अजान खान को बॉलीवुड में लॉन्च करने जा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन भी वह स्वयं करेंगे। इसे रोमांटिक रिवेंज ड्रामा बताया जा रहा है। अजान फिलहाल अभिनय, डांस और फिटनेस की विशेष ट्रेनिंग ले रहे हैं।
अहमद खान का कहना है कि वह अपने बेटे के साथ किसी तरह की रियायत नहीं बरतेंगे और एक सख्त गुरु की तरह उन्हें तैयार कर रहे हैं, ताकि वह अपनी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में पहचान बना सकें।











